CG Accident : बिलासपुर। जिले के तखतपुर में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जुनापारा चौकी क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही जुनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Tags: