CG Accident : तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को मारी टक्कर, छात्रा की मौत, ट्यूशन से लौट रही थी घर
बिलासपुर के बोदरी मोड़ पर हुआ हादसा, इलाज के दौरान 11वीं की छात्रा ने तोड़ा दम, ट्रैक्टर चालक फरार
CG Accident : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। ट्यूशन से स्कूटी पर घर लौट रही 16 वर्षीय छात्रा जान्हवी सी. भूषण की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, जान्हवी एलसीआईटी स्कूल में कक्षा 11वीं की छात्रा थी। वह ट्यूशन पढ़ने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी मोड़ के पास एक ट्रैक्टर ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि छात्रा बुरी तरह घायल हो गई।
घायल जान्हवी को उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर यू-टर्न लेते हुए फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, छात्रा की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।