CG News: चलती यात्री बस में लगी आग, अंदर रखे थे लाखों रुपए के पटाखे; कंडक्टर समेत 12 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
छत्तीसगढ़ के बालोद में कोरगुड़ा गांव के पास राजनांदगांव से आ रही यात्री बस में आग लग गई। बस में लाखों रुपये के पटाखे रखे थे। कंडक्टर समेत करीब एक दर्जन यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर जान बचाई।
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में राजनांदगांव से आ रही एक यात्री बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस में कंडक्टर समेत करीब एक दर्जन यात्री सवार थे। आग की लपटें उठती देख सभी ने समय रहते बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि बस में लाखों रुपये के पटाखे भी रखे हुए थे, जिससे घटना के दौरान खतरा और बढ़ गया।
कोरगुड़ा गांव के पास हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, बस राजनांदगांव से बालोद की ओर आ रही थी। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र के कोरगुड़ा गांव के पास अचानक बस में आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालांकि, बस कंडक्टर और यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित दूरी बना ली।
बस में रखे थे लाखों रुपये के पटाखे
बताया जा रहा है कि बस में लाखों रुपये के पटाखे मौजूद थे। ऐसे में आग लगने की घटना ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया था। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। समय रहते बस खाली करा लिए जाने से यात्रियों की जान बच गई। फिलहाल घटना के कारणों और बस में पटाखे रखे जाने से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।