रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय 'राज्योत्सव' का आज (3 नवंबर) भव्य समापन होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय कर रहे हैं।

रायपुर में 5 घंटे रहेंगे अमित शाह, जानें पूरा शेड्यूल

गृह मंत्री अमित शाह राजधानी रायपुर में करीब 5 घंटे गुजारेंगे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे सीधे पंडरी स्थित आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इसके बाद वे नवा रायपुर के सेक्टर-16 स्थित 'पीपल वन' जाएंगे, जहां वे 'विकसित भारत संकल्प पार्क' का भव्य लोकार्पण करेंगे।

शाम को वे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होंगे।

प्रदेश की हस्तियों को मिलेगा राज्य अलंकरण

राज्योत्सव के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों (कला, संस्कृति, समाजसेवा और खेल) में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को 'राज्य अलंकरण सम्मान' से नवाजा जाएगा।

लोक कला और अभिजीत भट्टाचार्य के गानों से सजेगी शाम

समापन समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और संगीत का रंगारंग मंच सजेगा। दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत का जादू बिखेरेंगे। पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रसिद्ध पंडवानी शैली से दर्शकों का मन मोहेंगी। रात 9 बजे के बाद मशहूर पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की धमाकेदार म्यूजिकल परफॉर्मेंस होगी।

Full View

Tags: