CG Crime : महासमुंद। नशे की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 170.75 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, एनएच-353 पर बिरकोनी स्थित महाराजा ढाबा के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक मिनी ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में कांच के टुकड़ों और कचरे के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजे को इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में ट्रक में केवल कचरा और अन्य सामान नजर आए।

ओडिशा से यूपी ले जा रहे थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के बौद्धगढ़ से लेकर उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद ले जाया जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

97 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक, एक स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल 97 लाख 3 हजार 970 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Tags: