CG Crime : बिरयानी खाने निकले युवक की चाकू-पत्थर से हत्या, 5 युवकों पर हमले का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
दुर्ग के चंडी मंदिर के पास गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदला, गंभीर घायल धन्ना चौधरी ने अस्पताल में तोड़ा दम; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस।
CG Crime : दुर्ग। रक्षाबंधन की रात दुर्ग में एक युवक की हत्या से सनसनी फैल गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में तीन दोस्त बाइक से बिरयानी खाने निकले थे। इसी दौरान चंडी मंदिर के पास गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पांच युवकों ने मिलकर धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, धन्ना अपने दो दोस्तों के साथ नयापारा मार्ग से गुजर रहा था। चंडी मंदिर के पास पीछे से आ रहे कुछ युवकों ने उन्हें गाली दी। धन्ना ने बाइक रोककर इसका कारण पूछा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने चाकू और अन्य धारदार हथियार निकाल लिए। इसके बाद धन्ना पर चाकू और पत्थर से हमला किया गया। गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हथियार देखकर वे पीछे हट गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
आरोपियों के मौके से भागने के बाद धन्ना गंभीर हालत में सड़क पर पड़ा रहा। उसके दोस्तों ने ई-रिक्शा की मदद से उसे दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की भूमिका और हमले के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के पीछे गाली-गलौज के अलावा कोई अन्य वजह थी या नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।