कसेकेरा में 39 स्कूलों के शिक्षकों को कृमि मुक्ति अभियान का प्रशिक्षण, 10 अगस्त को बच्चों को खिलाई जाएगी दवा

10 अगस्त को विद्यार्थियों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा, छूटे बच्चों को 17 अगस्त को दी जाएगी खुराक

Update: 2026-08-08 09:06 GMT

कसेकेरा। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा के खंड चिकित्सा अधिकारी के मार्गदर्शन में कसेकेरा, टेका और भलेसर संकुल के 39 स्कूलों के शिक्षकों का प्रशिक्षण शासकीय हाईस्कूल कसेकेरा में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में शिक्षकों को विद्यार्थियों को कृमिनाशक दवा खिलाने की प्रक्रिया और अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी गई।

एनीमिया और कुपोषण से बचाव पर जोर

आरएचसी कोसमर्रा के मनोज गायकवाड़ ने शिक्षकों को बताया कि 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत सभी शालेय विद्यार्थियों को कृमिनाशक दवा खिलाई जानी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के साथ कुपोषण और एनीमिया के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए यह अभियान हर साल चलाया जाता है। उन्होंने शिक्षकों से अभियान को गंभीरता से लागू करने की अपील की।

सभी विद्यार्थियों तक पहुंचे दवा

शासकीय हाईस्कूल कसेकेरा के प्राचार्य पवन कुमार चक्रधारी ने कहा कि कसेकेरा, टेका और भलेसर संकुल के सभी विद्यार्थियों को अभियान के तहत दवा खिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सभी की जिम्मेदारी है।


17 अगस्त को छूटे बच्चों को दी जाएगी दवा

संकुल समन्वयक मनीष अवसरिया ने बताया कि अभियान के दौरान छूटे विद्यार्थियों को 17 अगस्त 2026 को अनिवार्य रूप से कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। साथ ही 15 अगस्त की तैयारियों को लेकर सभी स्कूलों में शाला प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण में प्राचार्य रमेशर साहनी, अशोक गायकवाड़, संकुल समन्वयक भलेसर कोमनलाल चंद्राकर, व्याख्याता लोकूराम चन्द्राकर, प्रमोद चन्द्राकर, योगेश साहू, मधुकर मरकाम, मोतीलाल डड़सेना, दिनेश ठाकुर, मनोहर लाल सुरमणि सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।


Tags:    

Similar News