Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी: 67.20 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 630.55 करोड़ रुपए, जानिए अगली किस्त कब आएगी?
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और परिवार में उनकी...
Mahtari Vandan Yojana: रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास से योजना की राशि जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपए भेजे। सरकार का कहना है कि राशि सीधे खातों में भेजने से पारदर्शिता बनी रहती है और लाभार्थियों को बिना किसी मध्यस्थ के सहायता मिलती है।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार महतारी वंदन योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और परिवार में उनकी निर्णय लेने की क्षमता को भी मजबूत करना है।
अब तक 19,444 करोड़ रुपए से ज्यादा का भुगतान
सरकार के मुताबिक, योजना के तहत अब तक महिलाओं के खातों में 19,444.33 करोड़ रुपए से अधिक की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। यह योजना प्रदेश की सबसे बड़ी महिला कल्याण योजनाओं में शामिल हो चुकी है और लाखों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का कहना है कि यह राशि महिलाओं को घरेलू जरूरतों, बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक खर्चों में मदद करती है।
अगली किस्त कब आएगी?
राज्य सरकार के अनुसार महतारी वंदन योजना की राशि हर महीने के शुरुआती सप्ताह में जारी करने का प्रयास किया जाता है। किस्त जारी करने से पहले पात्र हितग्राहियों की सूची का सत्यापन किया जाता है। इसके बाद अगली किस्त भी डीबीटी के माध्यम से सीधे महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी, जिसके लिए किसी कार्यालय में जाने की जरूरत नहीं होगी।