CG News: रायपुर। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मठपुरैना इलाके से गोवा में बिक्री के लिए बनी बड़ी मात्रा में शराब जब्त की है। यह कार्रवाई आबकारी सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले, आबकारी आयुक्त पदुम सिंह एल्मा और कलेक्टर गौरव सिंह के निर्देश पर की गई।

घर से मिली 249 पाव शराब

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मठपुरैना के दुर्गा मंदिर के पास एक व्यक्ति ने अवैध शराब का भंडारण कर रखा है। सूचना मिलते ही टीम ने अजय सोनवानी के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बाल्टी और पांच पेटियों से 249 पाव (180 मिलीलीटर प्रति पाव) शराब बरामद हुई। सभी बोतलों पर "Royal Goa Whisky – For Sale in Goa Only" लिखा हुआ था। जब्त शराब की कुल मात्रा 44.82 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 29,880 रुपये बताई गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

आबकारी विभाग ने आरोपी अजय सोनवानी के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच आबकारी उपनिरीक्षक नीलम स्वर्णकार कर रही हैं।

अभियान रहेगा जारी

आबकारी विभाग ने बताया कि रायपुर जिले में अवैध शराब की तस्करी, भंडारण और बिक्री रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी जानकारी या शिकायत की सूचना आबकारी नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 0771-2428201 पर दें।

Tags: