Raipur City News : RRB परीक्षा में हाईटेक नकल का खुलासा, अंडरगारमेंट में मोबाइल छिपाकर पहुंचा अभ्यर्थी गिरफ्तार

रायपुर के परीक्षा केंद्र में प्रश्नों की फोटो खींचते पकड़ा गया युवक, डीडी नगर पुलिस ने मोबाइल समेत किया गिरफ्तार

Update: 2026-07-16 12:34 GMT

Raipur City News : रायपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की ऑनलाइन भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने का मामला सामने आया है। रायपुर के सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में एक अभ्यर्थी को परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से प्रश्नों की फोटो खींचते हुए पकड़ा गया। डी.डी. नगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन समेत अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को आईडीजेड सरोना स्थित परीक्षा केंद्र में आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की दूसरी पाली के दौरान कक्ष निरीक्षक को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। निगरानी बढ़ाने पर सीसीटीवी फुटेज और जांच में पता चला कि वह परीक्षा कक्ष में छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन का उपयोग कर रहा था और कम्प्यूटर स्क्रीन पर दिखाई दे रहे प्रश्नों की फोटो खींच रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डबल अंडरगारमेंट पहनकर उसके भीतर मोबाइल फोन छिपाया था, ताकि सुरक्षा जांच से बचकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सके। बरामद मोबाइल की जांच में परीक्षा के दौरान पूछे गए प्रश्नों की तस्वीरें भी मिलीं, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित प्रश्नों से मेल खाती थीं।

मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद डी.डी. नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता (ठछै) की धारा 318(2) तथा लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 की धारा 10(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफताब (28 वर्ष), निवासी संतरेजीपुरा, इतवारी, नागपुर (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग मोबाइल फोन, आधार कार्ड और संबंधित परीक्षा का प्रवेश पत्र जब्त किया है। 

Similar News