IED Blast : बीजापुर। जिले में माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए प्रेशर IED एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। उसूर थाना क्षेत्र में बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुए विस्फोटों में पर्यटक दल के एक सदस्य सहित दो नाबालिग घायल हो गए। दोनों के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, पहली घटना नीलम सराई जलप्रपात जाने वाले मार्ग पर हुई। सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना क्षेत्र के ग्राम करीगुण्डम से 7-8 युवकों और नाबालिगों का दल पर्यटन के लिए जलप्रपात जा रहा था। जलप्रपात से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले 13 वर्षीय सोढ़ी देवा का पैर माओवादियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में उसके दाहिने पैर की एड़ी गंभीर रूप से घायल हो गई।

घायल बालक को तत्काल उसूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है।

दूसरी घटना ग्राम नम्बी के जंगल क्षेत्र में हुई, जहां 15 वर्षीय विनोद कट्टम अपने साथी के साथ मवेशी चराने गया था। इसी दौरान जंगल में छिपाए गए प्रेशर IED की चपेट में आने से वह घायल हो गया। विस्फोट में उसके दाहिने पैर की एड़ी में चोट आई है।

पुलिस ने बताया कि लगातार बारिश के कारण घटनास्थल तक पहुंचने वाले मार्ग और नाले जलमग्न हैं, जिससे रेस्क्यू अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सुरक्षा बलों ने आवश्यक सावधानियों के साथ अभियान चलाकर घायलों तक पहुंचने और उन्हें उपचार के लिए सुरक्षित अस्पताल भेजने की कार्रवाई की।

Tags: