CGPSC recruitment scam: रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित CGPSC भर्ती घोटाले में CBI की जांच के बाद अब ED इस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच करेगी। ED ने जेल में बंद CGPSC के पूर्व चेयरमैन एवं रिटायर्ड IAS अधिकारी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार करने की अनुमति के लिए रायपुर के स्पेशल कोर्ट में आवेदन लगाया है।

इस आवेदन पर आज शनिवार को सुनवाई होनी है। यदि कोर्ट ED को अनुमति देता है, तो एजेंसी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर कस्टोडियल रिमांड लेकर पूछताछ करेगी। माना जा रहा है कि पूछताछ में भर्ती प्रक्रिया में पैसों के लेन-देन, अवैध कमाई और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क की जांच की जाएगी।

CGPSC recruitment scam: CBI पहले ही कर चुकी है गिरफ्तारी

CBI ने 2 साल पहले CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था। CBI का आरोप है कि CGPSC की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं और कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों के रिश्तेदारों को डिप्टी कलेक्टर, DSP समेत अन्य पदों पर चयनित कराने के लिए अवैध लेन-देन हुआ।

CBI के मुताबिक, टामन सिंह सोनवानी के कार्यकाल में PSC में हुई भर्ती में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। आरोप है कि, उन्होंने अपने कई करीबी रिश्तेदारों और कांग्रेस नेताओं और अधिकारियों के 18 रिश्तेदारों की नौकरी लगवाई है। जांच में पैसों के लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं।

Tags: