LPG Commercial cylinder: कमर्शियल LPG सिलेंडर 200 रुपए सस्ता, होटल-रेस्तरां को बड़ी राहत, जानें कब से लागू होगी नई कीमत

Update: 2026-08-01 05:48 GMT

LPG Commercial cylinder: नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 200 रुपये से ज्यादा की कटौती की है। नई कीमतें 1 अगस्त से लागू हो गई हैं। पिछले कुछ समय से महंगी रसोई गैस की वजह से बढ़ते खर्च का सामना कर रहे कारोबारियों को इस फैसले से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

नई दरों के मुताबिक दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हुआ है। इसके बाद राजधानी में इसकी नई कीमत 2,728 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में सिलेंडर की कीमत 209 रुपये घटाई गई है, जिसके बाद वहां इसकी नई कीमत 2,872.50 रुपये तय की गई है।

हालांकि यह राहत सिर्फ व्यावसायिक इस्तेमाल वाले सिलेंडरों तक सीमित है। घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को पहले वाली कीमत पर ही सिलेंडर मिलता रहेगा।

LPG Commercial cylinder: लगातार दूसरी बार घटी कमर्शियल LPG की कीमत

पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली थी। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, ईरान युद्ध और आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में LPG की कीमतें बढ़ गई थीं। इसका असर भारत में भी कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों पर पड़ा था।

होटल, रेस्तरां और कैटरिंग जैसे कारोबारों में रसोई गैस पर हर महीने अच्छा-खासा खर्च होता है। ऐसे में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम घटने से इन कारोबारों की लागत कम होगी और उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। माना जा रहा है कि इस फैसले से होटल और फूड सर्विस से जुड़े कारोबारों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि हाल के दिनों में भारत ने अमेरिका और दूसरे देशों से स्पॉट आधार पर LPG की खरीद बढ़ाई है, ताकि मध्य पूर्व से कम हो रही सप्लाई की भरपाई की जा सके। जून में पहली बार अमेरिका से भारत का LPG आयात 10 लाख टन के आंकड़े को पार कर गया।

Tags:    

Similar News