CG Weather Update : रायपुर। फ्रेंडशिप डे पर दोस्तों के साथ घूमने-फिरने का प्लान बना रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। छत्तीसगढ़ में रविवार को मौसम ने करवट ली है और मौसम विभाग ने रायपुर सहित कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है। ऐसे में आउटिंग का प्लान बारिश की वजह से प्रभावित हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून सक्रिय बना हुआ है। इसकी वजह से दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में यहां हुई अच्छी बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान रामानुजनगर, लोरमी और अकलतरा में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं ओरछा, लालपुर थाना, बेलतरा, भोपालपटनम, सीपत, बड़े बचेली, अजगरबहार और छोटेडोंगर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य हिस्सों में 1 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।

इन मौसमी सिस्टम का दिख रहा असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक समुद्र तल पर सक्रिय मानसून द्रोणिका जैसलमेर से मणिपुर तक फैली हुई है। वहीं दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश होते हुए उत्तर-पूर्व बिहार तक एक अन्य द्रोणिका सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में वर्षा की गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

रायपुर समेत इन जिलों में यलो अलर्ट

रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, उत्तर बस्तर कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर और दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने, गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

Tags: