CG Weather Update : बस्तर-दुर्ग में झमाझम, रायपुर सबसे गर्म, आज भी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

Update: 2026-08-01 08:04 GMT

CG Weather Update : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। गहरे अवदाब के कमजोर पड़ने से प्रदेश में बारिश की तीव्रता कम होने के संकेत हैं, लेकिन बस्तर और दुर्ग संभाग में शुक्रवार को बादल खूब मेहरबान रहे। कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर तेज धूप के कारण प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

बस्तर में सबसे ज्यादा बरसे बादल

शुक्रवार को बीजापुर में सर्वाधिक 11 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भैरमगढ़ और औंधी में 8-8 सेमी, सुकमा में 7 सेमी, छोटेडोंगर में 6 सेमी, जबकि बड़े बचेली, दोरनापाल और गीदम में 5-5 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

वहीं कुटरू, ओरछा, दरभा, मानपुर और भोपालपट्नम में 4-4 सेमी तथा गंगालूर, रेंगाखार कला, पखांजूर, दुर्गकोंदल, तोकापाल, डोंगरगढ़, डौंडी, फरसगांव, बास्तानार और तमनार में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में धूप ने बढ़ाई उमस

एक ओर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा, वहीं राजधानी रायपुर में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम विदर्भ और उससे लगे दक्षिणी मध्यप्रदेश के ऊपर बना अवदाब अब कमजोर पड़ रहा है। वहीं मानसून द्रोणिका जैसलमेर, उदयपुर, इंदौर, पश्चिम विदर्भ से होते हुए गोपालपुर और आगे मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसी मौसमीय प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं।

आज का मौसम

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं। गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।

Tags:    

Similar News