CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में आज बारिश-आंधी का अलर्ट: अगले पांच दिन गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
बीते दिन जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज...
CG Weather Today: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में पिछले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज 23 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
पिछले 24 घंटे में दुर्ग में 16.5 मिमी और राजनांदगांव में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई। रायपुर के लालपुर में करीब 3 मिमी और माना एयरपोर्ट में लगभग 4 मिमी बारिश हुई। रामचंद्रपुर में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर पानी गिरा। प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम है।
जगदलपुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
बीते दिन जगदलपुर में अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में रात का न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश में अधिकतम तापमान अंबिकापुर में 31.8 डिग्री और न्यूनतम पेंड्रा रोड में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज कहीं तेज बारिश तो कहीं आंधी
मौसम विभाग के मुताबिक 23 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा रह सकता है।
27 अगस्त तक जारी रहेगा बारिश का दौर
23 से 27 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। 23, 24 और 25 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। 26 और 27 अगस्त को भी कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बन सकता है सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से मानसून की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।