CG Weather : रायपुर-मुंगेली में झमाझम बारिश, उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट
बीते 24 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश, सरगुजा संभाग में भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना।
CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बीते 24 घंटों में रायपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। रायपुर शहर में 12 सेमी, पथरिया में 16 सेमी और लोरमी में 11 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में उत्तर छत्तीसगढ़ और उससे लगे इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहेगा। उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश से लगे उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है।
इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में पथरिया में 16 सेमी, रायपुर में 12 सेमी और लोरमी में 11 सेमी बारिश दर्ज हुई। वहीं लाभांडी और लालपुर में 10-10 सेमी, जबकि भाटापारा, मुंगेली और सिमगा में 9-9 सेमी बारिश हुई।
इसके अलावा तखतपुर और बागबाहरा में 8-8 सेमी तथा डोंगरगढ़, उसूर, सुहेला, छुरिया, सकरी और लोहांडीगुड़ा समेत कई स्थानों पर 7 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई। कुरूद, कप्पू, कसडोल, वाड्रफनगर, भिलाई, बेलतरा और घरघोड़ा में 6 सेमी बारिश हुई।
रायपुर में आज भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। प्रदेश में मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य से करीब 5 प्रतिशत कम है।