CG Weather News : बंगाल की खाड़ी का लो प्रेशर एक्टिव, छत्तीसगढ़ में अगले 72 घंटे बारिश की संभावना, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
CG Weather News : रायपुर। मानसून के ब्रेक के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत लो प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक व्यापक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज हवा, आकाशीय बिजली और मध्यम से भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार सुबह से राजधानी रायपुर सहित कई इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 72 घंटे तक बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। कुछ स्थानों पर 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, वहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। शंकरगढ़ और कुसमी में सबसे अधिक 9-9 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई, जबकि चांदो में 8 सेंटीमीटर और पटना में 6 सेंटीमीटर बारिश हुई। समरी, बलरामपुर, कोटा, मरवाही, अंबिकापुर, भिलाई और अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यलो अलर्ट वाले जिले
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर सहित कई जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।