CG Weather : छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, रायपुर में तेज हवाओं की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, रायगढ़-जशपुर समेत 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

Update: 2026-08-08 08:11 GMT

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मानसून द्रोणिका के सामान्य स्थिति में लौटने और बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी तंत्र के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना यह मौसमी तंत्र आने वाले समय में और मजबूत होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। तंत्र का प्रभाव उत्तर ओडिशा, झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक दिखाई देगा। ऐसे में उत्तर छत्तीसगढ़ बारिश का प्रमुख केंद्र बन सकता है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सक्ती, कोरबा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट

बारिश के साथ तेज हवाओं का असर भी देखने को मिल सकता है। बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम और मुंगेली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। राजधानी रायपुर में भी करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

रायपुर में उमस से राहत का इंतजार

राजधानी रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बौछारों की संभावना है। हालांकि पर्याप्त बारिश नहीं होने से लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। रायपुर में अधिकतम तापमान 29.7°C दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27°C रहा। प्रदेश में दुर्ग 32.2°C के साथ सबसे गर्म रहा। वहीं पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 22°C दर्ज किया गया।

Tags:    

Similar News