CG Weather : 3 दिन बाद फिर एक्टिव होगा मानसून, रायपुर समेत 16 जिलों में आज यलो अलर्ट

अगले 3 दिनों तक बारिश की रफ्तार रहेगी धीमी, 12 अगस्त के बाद नए सिस्टम से फिर बढ़ सकती है बारिश; आज कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट।

Update: 2026-08-11 07:50 GMT

CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल थोड़ी धीमी रहने वाली है, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक यह राहत ज्यादा दिनों की नहीं है। अगले तीन दिनों तक बारिश की तीव्रता में कमी के बाद प्रदेश में एक बार फिर मानसून जोर पकड़ सकता है। मंगलवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की भी संभावना है। रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और बारिश होने के आसार हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट

मंगलवार को रायपुर, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मौसम बिगड़ने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

12 अगस्त के बाद फिर बनेगा बारिश का सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ मानसून द्रोणिका और ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव भी बना हुआ है। इन मौसमी परिस्थितियों के कारण 12 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।

इस सिस्टम के सक्रिय होने के बाद छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां दोबारा बढ़ सकती हैं। यानी अगले कुछ दिनों की कमजोर बारिश के बाद प्रदेश में फिर से मानसून के सक्रिय होने के संकेत हैं।

सोमवार को इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश

सोमवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। कुआकोंडा और गादीरास में 4 सेंटीमीटर, जबकि जनकपुर-भरतपुर, तखतपुर, करपावंड और बड़े बचेली में 3 सेंटीमीटर पानी गिरा। इसके अलावा गीदम, दंतेवाड़ा, खड़गांव, कटेकल्याण, अंतागढ़, सकरी, नानगुर और कोमाखान में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के कई अन्य इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।

रायपुर में गर्मी और उमस के बीच बदलेगा मौसम

सोमवार को 32.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। शाम के समय राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। मंगलवार को बादल छाए रहने से तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है।

Tags:    

Similar News