CG Weather : छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन बारिश का दौर जारी, 24 जिलों में तेज हवा के साथ अलर्ट
उत्तर से दक्षिण तक बारिश का असर, कई जिलों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना, 8 अगस्त से कमजोर पड़ सकता है मानसून.
CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम बारिश हुई, जबकि उत्तरी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, 8 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में रघुनाथ नगर और मालखरौदा में सबसे ज्यादा 8 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सिमगा में 6 सेमी, जबकि सुहेला, दोरनापाल, जैजैपुर, गिधौरी, टुंड्रा, छाल और देवभोग में 5-5 सेमी वर्षा हुई। भोथिया, बम्हनीडीह, पामगढ़, तमनार और नवागढ़ में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर बूंदाबांदी हो रही है। शहर में आज बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
शुक्रवार को सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में अब तक मानसून की कुल स्थिति सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। मौसम विभाग की नजर अब अगले 48 घंटों की बारिश पर बनी हुई है।