CG Weather : छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव, अगले 48 घंटे बारिश का जोर, कई जिलों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और आकाशीय बिजली का अलर्ट
CG Weather : रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। अगले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार 24 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
रायपुर में भी बारिश के आसार
राजधानी रायपुर में सोमवार को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। कुछ दौर में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में एमसीबी जिले के कोटाडोल में सबसे ज्यादा 11 सेमी बारिश दर्ज की गई। रामचंद्रपुर, तोकापाल और करपावंड में 8-8 सेमी, जबकि छुरा और नांगार में 7 सेमी बारिश हुई। सुकमा, लोरमी, जगदलपुर, केशकाल और बस्तर में 6-6 सेमी बारिश दर्ज की गई।
कई जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली की चेतावनी जारी की है।
वहीं रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, जशपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। अगस्त के अंत तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।