CG Weather Alert : संडे पर बारिश का डबल अटैक, रायपुर समेत 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, चल सकती हैं तेज हवाएं
CG Weather Alert : रायपुर। अगर आपने रविवार को परिवार या दोस्तों के साथ घूमने-फिरने का प्लान बनाया है, तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों के लिए रेड, ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
रायपुर समेत 8 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर में रविवार को मौसम सबसे ज्यादा खराब रह सकता है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश के सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, धमतरी, गरियाबंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
यलो अलर्ट वाले जिले
बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर रहा सबसे गर्म
बारिश की चेतावनी के बावजूद शनिवार को रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि दोपहर बाद मौसम बदलने की संभावना बनी हुई है।