CG Teacher Transfer : शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 700 शिक्षकों का तबादला, 1,600 नामों से शुरू हुई प्रक्रिया, 400 नाम बाहर

शिक्षा विभाग ने कई चरणों की जांच के बाद जारी की अंतिम सूची, युक्तियुक्तकरण और छात्रहित के आधार पर करीब 400 नाम हटाए गए; 700 शिक्षकों को मिली नई पदस्थापना

Update: 2026-08-08 12:35 GMT

CG Teacher Transfer : रायपुर। छत्तीसगढ़ के शिक्षकों के लंबे समय से चले आ रहे तबादले के इंतजार पर अब विराम लग गया है। शिक्षा विभाग ने प्रदेश में करीब 700 शिक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। विभागीय स्तर पर कई चरणों की जांच और परीक्षण के बाद अंतिम सूची तैयार की गई, जिसके आधार पर शिक्षकों को नई पदस्थापना दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, तबादले के लिए तैयार की गई प्रारंभिक सूची में करीब 1,600 शिक्षकों के नाम शामिल थे। इसके बाद विभाग ने सूची की समीक्षा कर संख्या कम करने के निर्देश दिए और लगभग 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम परीक्षण के दौरान निर्धारित मापदंडों पर खरे नहीं उतरने वाले करीब 400 नामों को सूची से हटा दिया गया। इसके बाद शेष शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए गए।

स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका रखा गया ध्यान

शिक्षा विभाग ने तबादला प्रक्रिया के दौरान स्कूलों की शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के हित को प्राथमिकता देने की बात कही है। युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों, एकल शिक्षकीय स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों और ऐसे मामलों को अंतिम सूची से बाहर रखा गया, जिनके स्थानांतरण से संबंधित स्कूल शिक्षकविहीन हो सकते थे।

इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में स्थानांतरण और अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों का भी परीक्षण किया गया। विभाग का कहना है कि किसी शिक्षक के स्थानांतरण से स्कूल में शिक्षकों की कमी न हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया।

कई स्तरों पर जांच के बाद जारी हुई अंतिम सूची

तबादले के लिए प्राप्त आवेदनों और विभिन्न स्तरों से मिली अनुशंसाओं के आधार पर प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इसके बाद विभागीय स्तर पर प्रत्येक प्रकरण की जांच की गई। प्रारंभिक सूची से अंतिम सूची तक कई स्तरों पर परीक्षण के बाद करीब 400 नामों को बाहर किया गया।

अब ऑनलाइन तबादले की तैयारी पर मंथन

वर्तमान तबादला प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग भविष्य में ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम लागू करने पर भी विचार कर रहा है। इसके तहत शिक्षक निर्धारित पोर्टल के माध्यम से स्वयं स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आवेदन, दस्तावेजों के डिजिटल प्रबंधन, आवेदन की निगरानी और समयबद्ध निराकरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने में मदद मिल सकती है। विभाग अन्य राज्यों में लागू ऑनलाइन तबादला प्रणालियों का भी अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक परीक्षण के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

देखें लिस्ट –



Tags:    

Similar News