CG News : कस्तूरबा छात्रावास में बिगड़ी छात्राओं की तबीयत, उल्टी-दस्त से 15 बच्चियां बीमार, 4 अस्पताल में भर्ती
कवर्धा के दुल्लापुर स्थित कन्या छात्रावास में मची अफरा-तफरी, फूड पॉइजनिंग की आशंका
CG News : कवर्धा। जिले में स्थित कस्तूरबा गांधी कन्या छात्रावास में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ कई छात्राओं की तबीयत अचानक खराब हो गई। पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 10 से 15 छात्राएं बीमार हो गईं, जिससे छात्रावास प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग तुरंत हरकत में आ गया।
घटना पंडरिया थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर बाजार स्थित छात्रावास की है। जानकारी मिलते ही छात्रावास प्रबंधन ने सभी छात्राओं को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जांच के दौरान चार छात्राओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया रेफर कर भर्ती किया गया, जबकि अन्य छात्राओं का इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्रारंभिक तौर पर मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बीमारी की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। इसके लिए छात्रावास में परोसे गए भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जांच शुरू कर दी गई है।
डॉक्टरों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर और सामान्य है तथा किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार छात्राओं की निगरानी कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।