CG News : शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, ट्रेन से गिरने की आशंका, पहचान में जुटी पुलिस
CG News : सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बसदेई थाना क्षेत्र के शिवप्रसाद नगर रेलवे ट्रैक पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत चलती ट्रेन से गिरने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि संभावना है कि युवक जबलपुर की ओर जाने वाली ट्रेन से गिरा हो, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले में किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है। ट्रेन से दुर्घटनावश गिरने, आत्महत्या या अन्य कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल बसदेई थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और रेलवे अधिकारियों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।