CG News : हमर क्लिनिक में नर्स की मौत से मचा हड़कंप, पति और कर्मचारियों से पूछताछ जारी
घासीदास नगर के स्टाफ रूम में 32 वर्षीय नेहा महिलांग का शव मिला, मौके से सुसाइड नोट बरामद नहीं; पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी
CG News : दुर्ग। भिलाई के घासीदास नगर स्थित हमर क्लिनिक के स्टाफ रूम में 32 वर्षीय नर्स नेहा महिलांग का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पांच साल से हमर क्लिनिक में थी पदस्थ
जानकारी के अनुसार, नेहा महिलांग पिछले करीब पांच वर्षों से हमर क्लिनिक में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं। करीब एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ रह रही थीं। रविवार को पति ने जब कमरे में नेहा को फंदे पर लटका देखा तो तत्काल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और FSL टीम ने की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई, लेकिन अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मोबाइल और कॉल डिटेल की भी जांच
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए नेहा के पति और सहकर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उनके मोबाइल फोन और कॉल डिटेल की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों और आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और सभी संभावित पहलुओं से जांच जारी है।