CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल की है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश के पहले तीन ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ का रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ऑनलाइन शुभारंभ किया। इन मशीनों के शुरू होने से राशनकार्डधारियों को अब राशन की दुकानों पर लंबी कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी।

24×7 बायोमेट्रिक से मिलेगा चावल

अन्नपूर्ति ग्रेन ATM से हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार 24 घंटे और सातों दिन चावल प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण पूरा होने पर निर्धारित मात्रा में चावल मशीन से मिल जाएगा। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से उचित मूल्य की दुकानों पर लगने वाली भीड़ और कतार कम होगी, साथ ही हितग्राहियों के समय की भी बचत होगी।

‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ वालों को भी फायदा

इस सुविधा का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के राशनकार्डधारियों तक सीमित नहीं रहेगा। ‘वन नेशन, वन राशनकार्ड’ योजना के तहत दूसरे राज्यों के पात्र हितग्राही भी बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के जरिए ग्रेन ATM से खाद्यान्न ले सकेंगे। इससे प्रवासी मजदूरों और अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले लोगों के लिए राशन प्राप्त करना आसान होगा।



 

2500 किलो तक चावल स्टोर करने की क्षमता

विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से स्थापित इन ग्रेन ATM की भंडारण क्षमता करीब 2500 किलोग्राम है। मशीन में चावल की लोडिंग स्वचालित प्रणाली से होगी और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरित किया जाएगा।

ग्रेन ATM शुरू करने वाला देश का पांचवां राज्य

छत्तीसगढ़ अब ग्रेन ATM संचालित करने वाला देश का पांचवां राज्य बन गया है। इससे पहले उत्तराखंड, मेघालय, गुजरात और ओडिशा में इस तरह की व्यवस्था संचालित हो रही है।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में PDS को आधुनिक, पारदर्शी और जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए लगातार तकनीकी नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेन ATM से हितग्राही अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय राशन ले सकेंगे और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता भी मजबूत होगी।

शुभारंभ कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, विधायक मोती लाल साहू, खाद्य विभाग की संचालक डॉ. फरिहा आलम समेत विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हितग्राही मौजूद रहे।

Tags: