CG News : गौरेला। छत्तीसगढ़ के गौरेला क्षेत्र के भदौरा गांव में एक युवक का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। शराब के नशे में युवक ने एक जहरीले सांप को पकड़कर उसे गले में लपेट लिया और पूरे गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डस लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

जानकारी के मुताबिक, भदौरा निवासी संतराम भैना पड़ोसी के घर में घुसे सांप को पकड़ने पहुंचा था। सांप को पकड़ने के बाद उसने उसे गले में डाल लिया और बेखौफ होकर गांव की गलियों में घूमने लगा। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान सांप ने युवक को कई बार डसा।

जहर का असर होने पर संतराम की हालत बिगड़ने लगी। ग्रामीणों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया और इलाज शुरू कराया। हालांकि, उपचार के दौरान वह मौका पाकर अस्पताल से बाहर निकल गया। इसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है।

युवक के अस्पताल से गायब होने के बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। परिवार उसकी हालत को लेकर चिंतित है। इधर, सांप को गले में लपेटकर घूमते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 

Tags: