CG News : गरियाबंद। रथयात्रा महोत्सव के बीच छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के दौरान उरमाल बाजार में स्थित एक पुराना ईंट-खपरे का होटल अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय बारिश से बचने के लिए कई लोग होटल के अंदर शरण लिए हुए थे। भवन गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय होटल के भीतर और आसपास 9 से अधिक लोग मौजूद थे। भवन गिरते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उरमाल पहुंचाया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. पांडे ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है, जिसे एक्स-रे और आगे के उपचार के लिए भेजा गया है। अन्य सभी घायलों को सामान्य चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

घायलों में रोहित सिन्हा (28 वर्ष, ग्राम धोरकोट), प्रीतिवास (उरमाल), तिलेश्वर सोनवानी (बेहरामुड़ा), होरेंद्र सिंह मरकाम, उड़ीसा के बेहरामुड़ा निवासी एक व्यक्ति तथा दो और चार वर्ष की दो मासूम बच्चियां सहित अन्य लोग शामिल हैं।