CG High Court : न्यायिक सेवा में बड़ा फेरबदल, 56 नए सिविल जजों की पहली पोस्टिंग, 15 अधिकारियों के तबादले
हाईकोर्ट ने नए न्यायिक अधिकारियों को दी पहली जिम्मेदारी, हायर और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के अधिकारियों की बदली पदस्थापना; 29 अगस्त तक जॉइनिंग के निर्देश.
CG High Court : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को पहली पदस्थापना दी है। इसके साथ ही हायर और लोअर ज्यूडिशियल सर्विस के कुल 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए गए हैं।
हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश के मुताबिक प्रोबेशन पर नियुक्त 56 नए सिविल जजों को प्रदेश के अलग-अलग न्यायालयों में पदस्थ किया गया है। सभी नए न्यायिक अधिकारियों को 29 अगस्त तक अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
हायर ज्यूडिशियल सर्विस में भी बदलाव
हायर ज्यूडिशियल सर्विस के 5 अधिकारियों का तबादला किया गया है। हरीश कुमार अवस्थी को दंतेवाड़ा परिवार न्यायालय से प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायपुर बनाया गया है। वहीं ममता पटेल को अंबिकापुर से द्वितीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर और ज्योति अग्रवाल को पेंड्रारोड से न्यायाधीश, राजनांदगांव पदस्थ किया गया है। नमिता मिंज भास्कर को धमतरी से और एन सिंह साहू को राजनांदगांव से अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (FTC), दंतेवाड़ा भेजा गया है।
विशेष अदालतों में भी नई जिम्मेदारियां
रायपुर के प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज शर्मा को SC-ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत रायपुर की विशेष अदालत का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। अंबिकापुर में कमलेश जगदल्ला को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और स्मिता रत्नावत को अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (POCSO) की जिम्मेदारी दी गई है।
सीनियर और जूनियर डिवीजन में भी पोस्टिंग
सिविल जज सीनियर डिवीजन में सतीश कुमार खाखा को प्रतापपुर से CJM एवं प्रथम सिविल जज सीनियर डिवीजन, मुंगेली पदस्थ किया गया है। वहीं भगवान दास पनिका को प्रतापपुर, श्वेता पटेल को छुईखदान, ईशान व्यास को दुर्ग और नीलेश जगदल्ला को राजनांदगांव भेजा गया है।
दुर्ग के द्वितीय अतिरिक्त जज रवि कुमार कश्यप को हाईकोर्ट में प्रतिनियुक्ति पर OSD नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सिविल जज जूनियर डिवीजन संवर्ग के 7 अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं।
हाईकोर्ट ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।