Raipur City News : WRS कॉलोनी के तालाब में मिली युवती की लाश, मोबाइल बरामद, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

Update: 2026-08-04 08:51 GMT

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित WRS कॉलोनी के तालाब में मंगलवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की उम्र लगभग 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल के जरिए उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है। पहचान होने के बाद परिजनों से संपर्क कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जाएगी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, एसीपी उरला, एफएसएल टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या तीनों संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Tags:    

Similar News