Raipur City Crime : घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चुराने वाले नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार, 9 वाहन बरामद
रायपुर के कई थाना क्षेत्रों से चोरी कर ओडिशा में बेचते थे वाहन, करीब 4 लाख का मशरूका बरामद; फर्जी नंबर प्लेट लगाकर छिपाते थे पहचान
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में अलग-अलग इलाकों से दोपहिया वाहन चोरी कर ओडिशा में बेचने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों समेत एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत के 9 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की मॉनिटरिंग में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ब्ब्ज्ट फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए संदिग्धों की तलाश कर रही थी।
ऑटो डील दुकान से खुला चोरी का राज
20 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि कोतवाली क्षेत्र के मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा बेचने पहुंचा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू को पकड़ा। दस्तावेज नहीं होने पर पूछताछ की गई तो उसने एक्टिवा चोरी की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 9 दोपहिया वाहन चोरी करने और उन्हें ओडिशा में अपने साथियों के जरिए बेचने की जानकारी दी।
ओडिशा से दो आरोपी पकड़े गए
आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ओडिशा के भालूमुण्डा पहुंची। यहां से सूजल मेहेर उर्फ करण और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा गया। तीनों की निशानदेही पर चोरी के 9 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चोरी के कुछ वाहनों की पहचान छिपाने के लिए उन पर ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई गई थी।
पहले भी वाहन चोरी में जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस के मुताबिक, टोपेश्वर साहू उर्फ संजू शातिर वाहन चोर है। वह वर्ष 2023 में रायपुर के अलग-अलग इलाकों से 10 दोपहिया वाहन चोरी के मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाने से जेल जा चुका है। जांच में यह भी सामने आया कि टोपेश्वर की मुलाकात सूजल और दूसरे आरोपी से रायपुर के एक होटल में वेटर के तौर पर काम करने के दौरान हुई थी। बाद में तीनों ने नौकरी छोड़ दी और वाहन चोरी कर उन्हें बेचने का काम शुरू कर दिया।
इन थाना क्षेत्रों में दर्ज हैं मामले
बरामद वाहनों से जुड़े मामलों में रायपुर के कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेंद्र नगर और खम्हारडीह थानों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद 9 वाहनों में कई एक्टिवा के अलावा स्प्लेंडर और बजाज बाइक भी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की बिक्री के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।