Raipur City Crime : चरित्र पर शक बना कत्ल की वजह, प्रेमिका की हत्या कर खेत में फेंका शव, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
रायपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। चार साल पुराने प्रेम संबंध में चरित्र पर शक के चलते आरोपी प्रेमी ने गला घोंटकर की हत्या
Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी रायपुर में 19 वर्षीय युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। खमतराई थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते पहले युवती का दुपट्टे से गला घोंटा और फिर उसकी मौत सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में सिर डुबो दिया।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया, जहां गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने से मामला संदिग्ध पाया गया। जांच के दौरान मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19) निवासी सिया रेसिडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। परिजनों से पूछताछ के दौरान मृतका के प्रेमी करण तांडी (23) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर पर संदेह जताया गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले उसकी नंदिनी से इंस्टाग्राम के जरिए पहचान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे, लेकिन बाद में अलग रहने लगे। इसी दौरान आरोपी को युवती के चरित्र पर संदेह होने लगा और दोनों के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त की शाम आरोपी ने नंदिनी को मिलने के बहाने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर उसने पहले दुपट्टा युवती के मुंह में ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से गला कस दिया। इसके बाद हत्या सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया और मौके से फरार हो गया।
मामले में थाना खमतराई में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।