Raipur City Crime : 5 हजार रुपये के विवाद में युवक की हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा, दो नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

उधार की रकम मांगने पर युवक को ATM से पैसे दिलाने का झांसा देकर पटरी के पास ले गए आरोपी, चाकू से हत्या के बाद ओडिशा भागे थे सभी आरोपी

Update: 2026-08-18 13:57 GMT

Raipur City Crime : रायपुर। राजधानी में उधार के पैसे वापस मांगने को लेकर 19 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में आरोपियों ने युवक को पैसे लौटाने का झांसा देकर रेलवे पटरी के पास बुलाया और कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान और सबूत छिपाने की नीयत से शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर फरार हो गए।

मामला गोगांव अंडरब्रिज की पुरानी रेलवे लाइन का है। 17 अगस्त की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय प्रीतम साहू के रूप में हुई। शुरुआत में मामला रेलवे हादसे का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम और शव के पंचनामा के दौरान शरीर पर धारदार हथियार के चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच शुरू की।

5 हजार रुपये को लेकर हुआ विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रीतम साहू ने आरोपी निखिल ध्रुव को 5 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। 16 अगस्त की रात निखिल ने प्रीतम को पैसे लौटाने के बहाने पटरी के पास ATM से रकम निकालकर देने की बात कही और उसे वहां ले गया।

पुलिस के मुताबिक, रेलवे पटरी के पास निखिल ने अपने साथियों दीपक साहू, नितिन प्रधान उर्फ सोमु और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपी शव को रेलवे ट्रैक पर छोड़कर टीटलागढ़, ओडिशा की ओर फरार हो गए।

CCTV और पूछताछ से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गुढ़ियारी थाना पुलिस और ACCU/क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

पुलिस ने छापेमारी कर निखिल ध्रुव (20), दीपक साहू (22), नितिन प्रधान उर्फ सोमु (21) समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गुढ़ियारी थाने में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत BNS की धारा 103(1), 238, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है।

Tags:    

Similar News