Cyber Fraud : साइबर ठगी का पर्दाफाश, सिर्फ एक मैसेज से उड़ गए 3.94 लाख, झारखंड से दो आरोपी गिरफ्तार
फर्जी टेक्स्ट मैसेज खोलते ही हैक हुआ मोबाइल, बैंक खातों से हुई ऑनलाइन निकासी, साइबर गिरोह के नेटवर्क की जांच जारी
Cyber Fraud : रायपुर। साइबर अपराधियों के नए ठगी के तरीके का खुलासा करते हुए रायपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के मोबाइल पर फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर उसका फोन हैक किया और तीन दिनों के भीतर बैंक खातों से 3.94 लाख रुपये की ऑनलाइन निकासी कर ली। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों आरोपियों को झारखंड के बोकारो जिले से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर स्थित कंचनगंगा फेस-2 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु दत्त बघेल को 8 नवंबर 2025 को मोबाइल पर कई संदिग्ध मैसेज प्राप्त हुए। मैसेज खोलने के कुछ ही देर बाद उनके यूको बैंक और एक्सिस बैंक खातों से लगातार ऑनलाइन ट्रांजेक्शन होने लगे। 8 से 10 नवंबर के बीच कुल 3,94,000 रुपये की राशि उनके खातों से निकाल ली गई।
शिकायत के आधार पर थाना डीडी नगर में मामला दर्ज कर साइबर विशेषज्ञों की टीम ने बैंक ट्रांजेक्शन, डिजिटल साक्ष्य और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। जांच के बाद विशाल कुमार सिंह और महेश प्रसाद सिंह को झारखंड के बोकारो से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजे, जिनके जरिए मोबाइल हैक कर बैंक खातों तक पहुंच बनाई और अनधिकृत ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर रकम निकाल ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, एक चेक बुक और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल डिवाइस और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर पूरे साइबर नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
साइबर सुरक्षा सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, एसएमएस या संदिग्ध संदेश को बिना सत्यापन के न खोलें। मोबाइल पर आए फर्जी लिंक पर क्लिक करना साइबर अपराधियों को आपके बैंकिंग और निजी डेटा तक पहुंच दिला सकता है।