Crime News : अभनपुर। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र के टोकरो गांव में तालाब किनारे चौकीदार का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान परमेश्वर सिदार (30) के रूप में हुई है। घटना के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, परमेश्वर सिदार मूल रूप से ओडिशा के बरगढ़ जिले के ग्राम तोरला का रहने वाला था और पिछले करीब छह महीने से टोकरो गांव स्थित तालाब में चौकीदार के रूप में कार्यरत था। मंगलवार को उसका शव तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।

प्रारंभिक तौर पर ग्रामीणों द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की हर संभावित एंगल से जांच जारी है।

Tags: