CG Crime : लूटकांड का पर्दाफाश, अंतरराज्यीय गैंग के 8 बदमाश गिरफ्तार, स्कूटी-मोबाइल समेत कार जब्त

मंदरौद मोड़ पर युवक से मारपीट कर नकदी, मोबाइल और एक्टिवा लूटकर हुए थे फरार

Update: 2026-07-22 13:54 GMT

CG Crime : धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में 11 जुलाई की रात हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 8 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई एक्टिवा स्कूटी, वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, छाती गांव निवासी विमल देशलहरे 11 जुलाई की रात अपनी एक्टिवा से मगरलोड की ओर जा रहे थे। रास्ते में मंदरौद मोड़ के पास आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार बदमाश वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट कर 9 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी लूटकर फरार हो गए।

वारदात के बाद कुरूद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। इसके बाद गठित विशेष टीम ने पड़ोसी राज्य ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के डरलीमुड़ा गांव में दबिश देकर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का सामान और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इस गिरोह का संबंध अन्य राज्यों में हुई वारदातों से तो नहीं है।

Tags:    

Similar News