CG Crime : नशे में धुत बेटे ने लकवाग्रस्त पिता की डंडे से पीटकर की हत्या, मां भी थी निशाने पर, आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-07-17 08:50 GMT

CG Crime : बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जिस बेटे से बुजुर्ग पिता ने सहारे की उम्मीद की थी, उसी ने नशे की हालत में अपने लकवाग्रस्त पिता की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपनी मां को भी जान से मारने के इरादे से बहन के घर पहुंच गया, लेकिन समय रहते पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम नवागांव (गिरजाबंद) निवासी 65 वर्षीय रिखी राम सूर्यवंशी लंबे समय से पैरालिसिस से पीड़ित थे और बिस्तर पर थे। उनका बेटा शिवचरण सूर्यवंशी नशे का आदी बताया जा रहा है और अक्सर घर में विवाद व मारपीट करता था।

गुरुवार देर रात आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा। बेटे के आक्रामक रवैये को देखकर रिखी राम ने अपनी पत्नी को सुरक्षा के लिए बेटी के घर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने घर में अकेले मौजूद अपने असहाय पिता पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

पिता की हत्या के बाद आरोपी सीधे अपनी बहन के घर पहुंचा, जहां उसकी मां शरण लिए हुए थी। आरोपी ने दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, लेकिन परिवार के लोगों ने दरवाजा बंद कर पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

Tags:    

Similar News