CG Crime : नशे में पति ने पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, होश आने पर शव से लिपटकर रोया, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा में शराब खत्म होने पर हुआ विवाद बना जानलेवा, पुलिस कर रही पूछताछ

Update: 2026-07-20 12:54 GMT

CG Crime : कोरबा। जिले से घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद जब उसका नशा उतरा, तो वह पत्नी के शव से लिपटकर रोता रहा। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

यह मामला उरगा थाना क्षेत्र के भैसामुड़ा गांव का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे और पिछले कुछ दिनों से रिश्तेदार के गांव में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। बची हुई शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।

आरोप है कि गुस्से में पति परदेसी धनवार ने अपनी पत्नी 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग के साथ भी आरोपी ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की।

सोमवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Tags:    

Similar News