CG Crime : पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस को करता रहा गुमराह, जांच में पति निकला हत्यारा

Update: 2026-07-31 15:06 GMT

CG Crime : कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में महिला हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। मामले में महिला का पति ही हत्यारा निकला, जिसने कथित तौर पर चरित्र पर संदेह के चलते पत्नी की ईंट और सीएफएल बल्ब से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, ताकि पुलिस का शक उस पर न जाए।

पुलिस के अनुसार, लोहारा थाना क्षेत्र निवासी द्रोणाचार्य वर्मा को अपनी पत्नी किरण वर्मा के चरित्र पर संदेह था। इसी विवाद के चलते उसने कथित तौर पर ईंट और सीएफएल बल्ब से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद सबूत छिपाने और जांच को भटकाने के लिए उसने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

जांच के दौरान 16 जुलाई को ग्राम सिंगारपुर स्थित एक खेत के ट्यूबवेल के पीछे से किरण वर्मा का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। संदेह गहराने पर आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट, टूटे हुए सीएफएल बल्ब के टुकड़े और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। 

Tags:    

Similar News