CG Crime : धमकी और ब्लैकमेल से परिवार से 14.50 लाख नकद व 450 ग्राम सोना ऐंठा, 4 आरोपी गिरफ्तार

Update: 2026-08-02 15:18 GMT

CG Crime : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धमकी और ब्लैकमेल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार के सदस्यों की हत्या और सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर एक युवती से 14.50 लाख रुपये नकद और करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण हड़पने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार, राजीव विहार निवासी एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अस्वस्थ रहने के कारण उन्होंने बैंक खातों और लॉकर की जिम्मेदारी अपनी पोती को सौंप रखी थी। इसी दौरान जनवरी 2025 से आरोपी आयुष यादव और उसके साथियों ने युवती को लगातार धमकाना शुरू किया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों और छोटे बच्चों की हत्या तथा सड़क दुर्घटना कराने की धमकी देकर उसे भयभीत कर दिया।

डर के कारण युवती ने आरोपियों के कहने पर एसबीआई और सहकारी बैंक खातों से एटीएम और ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग किश्तों में 14.50 लाख रुपये निकालकर उन्हें दे दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे आर.आर. रिसॉर्ट के पास बुलाया और घर के लॉकर में रखे करीब 450 ग्राम सोने के आभूषण भी अपने कब्जे में ले लिए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे (19) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, सोने जैसी पीली धातु की दो अंगूठियां, एक चेन, मोबाइल फोन और अपराध की रकम से खरीदी गई एक एक्टिवा जब्त की है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News