CG News : बालोद। जिले के डौंडी वन परिक्षेत्र में रविवार सुबह एक गंभीर घटना सामने आई, जहां पर्रकुलेशन टैंक के निरीक्षण के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में डिप्टी रेंजर सहित चार वनकर्मी घायल हो गए। घटना सुबह करीब 7.30 बजे पेंवारी कक्ष क्रमांक 156 में हुई।

बता दें कि वन विभाग की टीम जल संरक्षण टैंक का निरीक्षण करने पहुंची थी। इसी दौरान 50 से 60 ग्रामीणों ने अचानक हमला बोल दिया, जिससे सभी चार वनकर्मियों को चोटें आईं। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। हमले के बाद वन विभाग की टीम ने डौंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने भी थाने में पहुंचकर वन विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि वे वर्षों से उक्त जमीन पर खेती कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग ने जबरन वहां वृक्षारोपण शुरू कर दिया।

इसके अलावा, कुछ ग्रामीण महिलाओं ने वनकर्मियों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए अलग से शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया जा रहा है। डौंडी क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन शांति बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वन विभाग के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

Tags: