CG News : केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने एंटी-नक्सल ऑपरेशन की सफलता पर पुलिस अधिकारियों का किया सम्मान...
उन्होंने बस्तर के बासिंग बीएसएफ कैंप में जवानों को एलईडी सेट और प्रशस्ति पत्र भेंट किए और आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन का आश्वासन भी दिया।
CG News : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े पैमाने पर एंटी-नक्सल ऑपरेशनों की अभूतपूर्व सफलता के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारियों को दिल्ली में सम्मानित किया। इस विशेष समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री व गृहमंत्री विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। सम्मानित अधिकारियों में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (नक्सल ऑपरेशन) विवेकानंद सिन्हा, बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज, बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, और बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव शामिल थे।
केंद्रीय गृहमंत्री ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित एक बैठक में इन अधिकारियों को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया, जो नक्सल विरोधी अभियानों में उनकी रणनीतिक दक्षता और नेतृत्व को दर्शाता है। शाह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इस समारोह का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “नक्सलवाद के खिलाफ हाल के अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को बधाई दी। इन ऑपरेशनों को अपनी बहादुरी से सफल बनाने वाले जवानों से मिलने के लिए उत्सुक हूं और जल्द ही छत्तीसगढ़ आकर उनसे भेंट करूंगा। मोदी सरकार नक्सलवाद से भारत को मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा, “हमारे जवानों और अधिकारियों की बहादुरी ने नक्सलियों को बैकफुट पर ला दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ 31 मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त होगा।” उन्होंने बस्तर के बासिंग बीएसएफ कैंप में जवानों को एलईडी सेट और प्रशस्ति पत्र भेंट किए और आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन का आश्वासन भी दिया।