CG News : ‘फ्री फायर’ गेम खेलते हुए सड़क पर गिरा किशोर, मौके पर तोड़ा दम
सड़क पर दोस्तों के साथ घूमते हुए गेम में मशगूल आदित्य का पैर फिसला, और सिर के बल गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
CG News : बिलासपुर। जिले के चकरभाठा में एक दुखद हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। मोबाइल गेम ‘फ्री फायर’ खेलने की लत ने 14 वर्षीय किशोर आदित्य लखवानी की जान ले ली। सड़क पर दोस्तों के साथ घूमते हुए गेम में मशगूल आदित्य का पैर फिसला, और सिर के बल गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चकरभाठा निवासी आदित्य लखवानी अपने दोस्तों के साथ सड़क पर टहल रहा था और इस दौरान वह ‘फ्री फायर’ गेम खेलने में व्यस्त था। गेम में ध्यान केंद्रित होने के कारण उसका ध्यान सड़क पर नहीं था, जिसके चलते उसका पैर फिसला और वह सिर के बल गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के भाई राहुल भयानी ने बताया कि आदित्य को बचपन से ही ‘फ्री फायर’ गेम की लत थी।
हादसे के दिन भी वह दोस्तों के साथ सड़क पर घूमते हुए गेम खेल रहा था। राहुल ने कहा, “हम लोग सड़क पर टहल रहे थे और आदित्य गेम में मशगूल था। अचानक उसका पैर फिसला और वह सिर के बल गिर गया। हम उसे तुरंत बिल्हा के अस्पताल ले गए, जहां से उसे सिम्स रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”