CG News : 28 जुलाई से 3 अगस्त तक नक्सलियों ने किया बंद का ऐलान, सभी मोर्चे पर जवान अलर्ट...
CG News : बस्तर। नक्सलवादियों ने हर साल की तरह इस बार भी बस्तर में 28 जुलाई से 3 अगस्त तक बंद का आह्वान किया है।
By : Rohit Banchhor
Update: 2024-07-25 06:13 GMT
CG News : बस्तर। नक्सलवादियों ने हर साल की तरह इस बार भी बस्तर में 28 जुलाई से 3 अगस्त तक बंद का आह्वान किया है। इस दौरान नक्सली संगठनों के संस्थापक चारू मजूमदार और कन्हैया चटर्जी की याद में नक्सली शहीद स्मृति सप्ताह मनाते हैं।
CG News : बता दें कि पुलिस और जवानों की गोलियों से मारे गए नक्सलियों को भी शहीद बताते हैं। इस साल भी नक्सलियों ने अपने बंद को सफल बनाने के लिए पहले से ही अंदरूनी क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में बैनर और पोस्टर लगाकर आम जनता से बंद का आह्वान किया है। नक्सलियों के बंद के आह्वान के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस और जवान पहले से सतर्कता बरत रहे हैं। बस्तर में हो रही भारी बारिश के बावजूद अंदरूनी इलाकों में जवानों का एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी है। इस ऑपरेशन के दौरान जवानों को सफलता भी मिली है। बस्तर के आईजी ने नक्सलियों के कथित शहीदी सप्ताह को देखते हुए अंदरूनी इलाकों के पुलिस कैंप, थाना और चौकी को अलर्ट कर दिया है।
CG News : दरअसल, नक्सली अपने बंद को सफल बनाने के लिए पहले से ही अंदरूनी इलाकों में बैनर और पोस्टर फेंककर दहशत फैलाने का काम कर रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ सालों से कथित शहीदी सप्ताह के दौरान जवानों के एक्शन से उनकी ये कोशिशें नाकाम साबित हुई हैं। इसके बावजूद, अंदरूनी इलाकों में निर्माण कार्य के दौरान वाहनों में आगजनी और मुखबिरी करने का आरोप लगाकर नक्सली ग्रामीणों की हत्या की साजिश रचते रहे हैं। इसे देखते हुए बस्तर संभाग के सातों जिलों के एसपी को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।