CG News : तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पर बैठी गायों को रौंदा, 17 की मौत, 5 घायल, ड्राइवर फरार
यह घटना रतनपुर के एक पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां गौवंश सड़क पर आराम कर रहे थे।
CG News : बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बारीडीह में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने सड़क पर बैठे 20 से अधिक गौवंशों को कुचल दिया, जिसके परिणामस्वरूप 17 गायों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रतनपुर के एक पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां गौवंश सड़क पर आराम कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार, रतनपुर की ओर से आ रहा एक अज्ञात हाईवा वाहन इतनी तेज गति में था कि उसने सड़क पर बैठे गौवंशों को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हाईवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि ड्राइवर को गायों को बचाने का कोई मौका नहीं मिला। हादसे में 17 गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 5 अन्य गायें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घायल मवेशियों को तत्काल पशु चिकित्सकों की मदद से उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद हाईवा ड्राइवर ने अपनी गाड़ी रोकने की बजाय मौके से फरार हो गया। उसकी इस बेरहमी ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। रतनपुर पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।