CG News : खैरागढ़। जिले के पुलिस विभाग में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही पुलिस महकमे और स्थानीय क्षेत्र में स्तब्धता का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल यादव अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 16 के दाऊचौरा इलाके में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि वे घर के हॉल में मौजूद थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने पति को गमछे के सहारे फंदे पर लटका देखा।

यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाया है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags: