CG Liquor Scam : शराब घोटाले में विजय भाटिया की रिमांड 9 जून तक बढ़ी, ईओडब्ल्यू को मिली मंजूरी

ईओडब्ल्यू ने भाटिया की रिमांड 16 जून तक बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल 9 जून तक की मंजूरी दी है।

Update: 2025-06-06 08:01 GMT

CG Liquor Scam : रायपुर। 2000 करोड़ रुपये के शराब घोटाला मामले में कारोबारी विजय भाटिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच के दायरे में आए भाटिया की रिमांड अवधि को कोर्ट ने 9 जून तक बढ़ा दिया है। ईओडब्ल्यू ने भाटिया की रिमांड 16 जून तक बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने फिलहाल 9 जून तक की मंजूरी दी है।

दिल्ली से हुई थी गिरफ्तारी-

विजय भाटिया को EOW और ACB की संयुक्त टीम ने दिल्ली में उनके गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया था। भाटिया पर आरोप है कि वह शराब घोटाले में विदेशी शराब कंपनियों से कमीशन वसूलने और उसे पहुंचाने का काम करता था। उनकी गिरफ्तारी के बाद भिलाई और दुर्ग में उनके 8 ठिकानों पर छापेमारी की गई, जहां से जांच एजेंसियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और साक्ष्य जुटाए हैं।

EOW की गहन पूछताछ जारी-

रायपुर लाए जाने के बाद भाटिया से EOW और ACB की टीमें लगातार पूछताछ कर रही हैं। जांच एजेंसियां इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों और घोटाले के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। सूत्रों के अनुसार, भाटिया के बयानों से कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Tags:    

Similar News