CG Crime : रिश्तों का खौफनाक अंत, साले और भाभी ने जीजा को पीट-पीटकर मार डाला, गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
CG Crime : जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया और साले व भाभी ने मिलकर अपने ही जीजा की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोतबा चौकी क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली की है। मृतक की पहचान मुरली राम यादव (40) के रूप में हुई है, जिसने गांव की ही युवती से प्रेम विवाह किया था। जानकारी के मुताबिक, 30 मार्च को बेटे के जन्मदिन के मौके पर घर में कार्यक्रम था। इसी दौरान रात में मुरली राम शराब के नशे में अपनी पत्नी के मायके पहुंच गया।
यहां उसका छोटे साले शिवकुमार यादव (35) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37) से किसी पुराने विवाद को लेकर झगड़ा हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने मिलकर मुरली राम को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान महिला आरोपी ने डंडे से भी हमला किया।
गंभीर रूप से घायल मुरली राम किसी तरह घर लौटा, लेकिन अगले दिन उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां से उसे ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान 4 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट को मौत की वजह बताया गया है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है और आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।